
जवाली (कांगड़ा)। स्थानीय प्रशासन ने चेताया है कि मंडी जिला के ब्यास दरिया में पानी बढ़ने से पंडोह डैम का पानी 8 व 9 जुलाई को पौंग डैम में छोड़ा जा सकता है, जिस कारण पौंग डैम में जलस्तर बढ़ सकता है। एसडीएम जवाली डा. सुरेश जसवाल ने पौंग बांध के साथ लगते मंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत स्थाणा, टटवाली, रे खास, बहादपुर और रियाली में रहने वाले लोगों को आगाह करते हुए कहा है कि अगर पौंग बांध में जलस्तर बढ़ता है तो ऐसी स्थिति में कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है। इस कारण मंड क्षेत्र के तटीय गांव प्रभावित हो सकते हैं।
एसडीएम ने इस क्षेत्र में दरिया के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे सचेत रहें और दरिया के किनारे न तो खुद जाएं और न ही अपने मवेशियों को दरिया के किनारे छोड़ें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि पौंग बांध जलाशय से पानी छोड़ने की सूचना मिलते ही सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। उन्होंने संबंधित बीडीओ व पंचायत प्रधानों को भी निर्देश दिए हैं कि वे दरिया के नजदीक रहने वाले लोगों को जागरूक करते हुए पौंग बांध से पानी छोड़ने की सूचना मिलने पर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए प्रेरित करें।
