
नई दिल्ली । दौलतराम कॉलेज में एबीवीपी कार्यकर्ताओं और कॉलेज के नॉन टीचिंग स्टाफ के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कॉलेज ने छात्राओं को दाखिला देने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद एबीवीपी छात्रों और स्टाफ के बीच हाथापाई हुई। कॉलेज प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बुला ली। हालांकि इस बारे में पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कॉलेज ने तीसरी कटऑफ में आने पर भी छात्राओं को दाखिला देने से मना किया। उसके बाद एबीवीपी छात्रों ने प्रशासन से संपर्क करने का प्रयास किया। कॉलेज गेट पर जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो झगड़ा शुरू हो गया। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री रोहित चहल ने इस मामले पर कहा कि कटऑफ में आने पर भी कॉलेज दाखिला नहीं दे रहा था। रोहित ने आरोप लगाया कि स्टाफ ने छात्राओं के साथ हाथापाई की है। गौरतलब है कि इसी सप्ताह ऐसा ही मामला कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडी में भी हुआ था, जब कॉलेज ने दाखिला देने से मना कर दिया था, जिसके बाद हंगामा हुआ और कॉलेज को पुलिस बुलानी पड़ी थी।
