बारापूला पर सफर से हो रही बचत

नई दिल्ली। आरामदायक सफर कराने वाली बारापूला एलिवेटेड सड़क दिल्लीवासियों के बचत की वजह भी बन रही है। आने वाले तीन साल के दौरान दिल्लीवासी इन सड़क अपने वाहन दौड़ाकर करीब 500 करोड़ की बचत कर लेंगे। इसका खुलासा पीडब्ल्यूडी की एक स्टडी से हुआ है।
पीडब्ल्यूडी की स्टडी में मिले आंकड़े बचत की बेहतरीन तस्वीर पेश कर रहे हैं। अध्ययन के मुताबिक करीब 4.50 किमी लंबी सड़क से मौजूदा साल 153 करोड़ रुपये की बचत होगी। वहीं आईएनए विस्तार पूरा होने पर बचत का आंकड़ा दो सौ करोड़ तक पहुंच जाएगा। जबकि एलिवेटेड रोड के नोएडा लिंक रोड से जुड़ते ही सड़क दिल्लीवासियों का 250 करोड़ रुपए खर्च घटाएगी। पीडब्ल्यूडी की स्टडी 2011-2013 के बीच की है।
अध्ययन के लिए सड़क पर वाहनों का दबाव देखा गया। सभी वाहनों को एक मानक पर लाने के लिए सड़क पर रोजाना की पैसेंजर कार यूनिट (पीसीई) निकाली गई। फिर वाया रिंग रोड या मथुरा रोड की जगह एलिवेटेड रोड से सफर करने पर मुसाफिरों के समय और ईंधन की बचत का आकलन किया गया। इसके बाद समय की आर्थिक कीमत निकाली गई। जिसे ईंधन में होने वाली बचत से जोड़ दिया गया। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर फ्लाईओवर जोन सर्वज्ञ श्रीवास्तव के मुताबिक आकलन मौजूदा कॉरिडोर का है। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रोड ने जहां दूसरी सड़कों पर वाहनों का दबाव कम किया, वहीं आवाजाही आसान होने से आबोहवा पर भी सकारात्मक असर पड़ा होगा। सर्वे में इसका आकलन नहीं किया गया है।

Related posts