चौथी कट ऑफ : कुछ कॉलेजों में अभी भी बंपर चांस

नई दिल्ली। डीयू के कुछ कॉलेजों ने शनिवार को तीसरी लिस्ट के दाखिले बंद होने के बाद चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी कर दी है। ज्यादातर कॉलेजों में जहां सामान्य वर्ग के लिए गिने-चुने कोर्सेज में ही दाखिले का चांस है। वहीं कुछ कॉलेजों में दाखिले का बंपर चांस अब भी मौजूद है। कैंपस स्थित हंसराज, किरोड़ीमल, रामजस में सामान्य वर्ग के लिए साइंस कोर्सेज में अब भी भरपूर अवसर हैं। वहीं लेडी श्रीराम कॉलेज में केवल इतिहास के दाखिले ही सामान्य के लिए 94.25 फीसदी पर खुले हैं। शनिवार को किरोड़ीमल, हंसराज, दौलतराम, गार्गी, रामजस, डीडीयू, महाराजा अग्रसेन सरीखे कॉलेजों ने चौथी कट ऑफ लिस्ट जारी की है। तीसरी कट ऑफ तक दाखिले रद कराने के कारण कई जगह चौथी में दाखिले की गुजाइंश बन गई है। किरोड़ीमल में ही कुल 15 कोर्सेज में से 9 में दाखिले की गुजाइंश अब भी छात्रों के पास है। किरोड़ीमल में तीसरी कट ऑफ में सामान्य के लिए कॉमर्स में दाखिले बंद का बोर्ड टंग गया था जो कि चौथी कट ऑफ में खुल गया है। यहां कॉमर्स में कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों का दाखिला 96-96.24 पर हो सकता है। वहीं नॉन कॉमर्स स्ट्रीम वालों का दाखिला तीन फीसदी अधिक कट ऑफ पर होगा। इसी तरह से अंग्रेजी में दाखिले की गुजाइंश 90-94.99 फीसदी तक पर है। इतिहास, राजनीति शास्त्र, गणित, सांख्यिकी, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी में दाखिले के काफी अवसर हैं। हैरानी की बात यह है कि यहां हिंदी, भूगोल, संस्कृत, जूलॉजी और उर्दू में दाखिले बंद हो गए हैं। वहीं यहां ओबीसी, एससी, एसटी, व अशक्त वर्ग के छात्रों के लिए बेहद ही कम मौके हैं।
रामजस कॉलेज में कॉमर्स के दाखिले सभी वर्गों के लिए बंद हो गए हैं। अंग्रेजी में 90.25-96.25 तक वालों के लिए गुजाइंश बाकी है। यहां इतिहास में 88-92 व राजनीति शास्त्र में दाखिले 91.5-95.5 फीसदी तक पर हो सकेंगे। वहीं केमिस्ट्री, बॉटनी में भी एडमिशन का मौका है। रामजस में कुल 13 कोर्सेज में से 7 कोर्सेज में सामान्य वर्ग के लिए दाखिले बंद हो गए हैं।
हंसराज में कुल 15 कोर्सेज में से सिर्फ बॉटनी, हिंदी में ही दाखिले नहीं होंगे। हंसराज ने सामान्य के लिए ईको में महज 0.25 फीसदी की गिरावट आई है। यहां चौथी लिस्ट में ईको में दाखिला 96.25, पर व कॉमर्स में 96.5 फीसदी पर हो सकता है। अंग्रेजी में 95.5, केमिस्ट्री में 93.33, फिजिक्स में 95.33, इतिहास में 90 और बीटेक कंप्यूटर साइंस में 96.5 व इलेक्ट्रॉनिक्स में 97 फीसदी पर दाखिले का मौका है।
दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज में कॉमर्स, ईको, अंग्रेजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स कोर्सेज में दाखिले का मौका है। दौलतराम कॉलेज में सिर्फ केमिस्ट्री और गणित, कॉमर्स के लिए ही दाखिले खुले हैं और वहीं गार्गी में संस्कृत और कॉमर्स के लिए ही दाखिले का विकल्प खुला है। गार्गी में कॉमर्स के लिए 94.75 फीसदी पर दाखिला हो सकता है वहीं दौलत राम में 95.25 पर दाखिले का चांस है।

Related posts