राष्ट्रपति के सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास

नई दिल्ली। समता स्थल पर राष्ट्रपति की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई। राष्ट्रपति जिस समय पर बाबू जगजीवन राम की पुण्य तिथि के कार्यक्रम में समता स्थल पर मौजूद थे उसी समय दो लोगों ने अपनी कारों पर राज्यसभा सांसद होने का फर्जी स्टीकर लगाकर कार्यक्रम में घुसने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह बाबू जगजीवन राम की पुण्य तिथि के कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के अलावा कई वीवीआईपी मौजूद थें। इस बीच भारी संख्या में कार्यकर्ता भी वहां पहुंच रहे थे। इसी दौरान मुख्य प्रवेश द्वार पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने अंदर आती इनोवा कार को जांच के लिए रोका। उसके पीछे आती फोर्ड इंडेवर कार को भी रुकने का इशारा किया गया। जांच के दौरान दोनों कारों पर राज्यसभा की एक महिला सांसद का पार्किंग का स्टीकर लगा था। दोनों कारों के नंबर भी एक जैसे थे। यह देखते ही सुरक्षा कर्मियों के होश उड़ गए। फौरन दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
छत्तीसगढ़ निवासी स्वामीनाथ जायसवाल उर्फ पप्पू भैया और बिहार निवासी मनोज नामक दोनों आरोपियों को अलग-अलग कारों से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि दोनों ने पार्किंग स्टीकर को स्कैन कर कार्यक्रम में घुसने का प्रयास किया था। दोनों आरोपियों से आईपी स्टेट थाने में पूछताछ की गई। देर रात पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस मसले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

Related posts