
गया: बिहार में गया जिले के बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर के समीप और उसके आसपास के इलाकों में आज प्रात: एक के बाद एक कर 8 बम विस्फोट हुए जिनमें 2 बौद्ध भिक्षु घायल हो गए। इस पर केंद्रीय गृह सचिव अनिल गोस्वामी ने कहा कि बोधगया मंदिर में हुए विस्फोट आतंकी हमला है। सूत्रों के अनुसार गोस्वामी ने कहा कि बोधगया मंदिर में सीरीयल ब्लॉसट आतंकी हमला है।
मगध प्रमंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक नैयर हसनैन खान ने बताया कि सुबह करीब सवा पांच बजे हुए इन धमाकों में से चार महाबोधि मंदिर के समीप, 3 तेरेगा मठ के समीप और एक धमाका भगवान बुद्ध की 80 फुट ऊंची मूर्ति के समीप हुआ। उन्होंने बताया कि मंदिर का गर्भगृह पूरी तरह से सुरक्षित है।
घायल हुए दोनों बौद्ध भिक्षुओं को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। खान ने बताया कि दो बम नहीं फटे और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। मंदिर परिसर को खाली करा लिया गया है और खोजी कुत्तों की मदद से छानबीन की जा रही है।
