
सोलन। लग्जरी होटलों में बिना एंट्री किए ग्राहक ठहराना होटल मालिकों को महंगा पड़ रहा है। जिला आबकारी एवं कराधान विभाग सोलन ने ऐसे होटल मालिकों पर शिकंजा कसना आरंभ कर दिया है। इसके लिए विभाग ने विशेष अभियान छेड़ा है। टीम ने टैक्स चोरी के मामले में छापामारी कर सोलन शहर के सात बड़े होटलों से सवा नौ लाख रुपये जुर्माना वसूला है।
इस संबंध में एईटीटी सोलन डा. सुनील ने बताया कि विभाग के पास शिकायतें आ रही थी कि होटल मालिक बिना एंट्री के ग्राहकों को ठहराते हैं। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की शुरूआत में उन्होंने कई पर्यटकों से बात की तो इस दौरान पर्यटकों ने उन्हें बताया कि वह किस होटल में ठहरे, जबकि होटलों में उनके ठहरने का कोई प्रमाण नहीं था। ऐसे में विभाग ने जाबली, धर्मपुर, कसौली, चायल, सोलन और परवाणू स्थित होटलों में छापामारी की तथा इस दौरान पाया कि पर्यटकों को बिना एंट्री भरे ही ठहराया जा रहा है, जिस पर विभाग ने होटल मालिकों पर जुर्माना किया है। विभाग की टीम रात को होटलों में चेकिंग करने जाती है। यह अभियान अभी जारी रहेगा तथा टैक्स चोरी करने वाले होटल मालिकों पर लगाम कसी जाएगी। विभाग की टीम में ईटीओ नविंद्र सिंह, जीत सिंह चौहान, विनय चौधरी, ईटीआई विपिन पोसवाल, नीरज सूद, अजय चंदेल, जिया लाल, पूजा ठाकुर और नरेश कुमार शामिल हैं।
