पांवटा के होटल में मिला युवक का शव

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा में यमुना नदी के किनारे स्थित एक होटल में ठहरे एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। भीतर से कोई आवाज नहीं आने पर पुलिस की सहायता से दरवाजा तोड़ा गया। अचेत अवस्था में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस टीम ने होटल के कमरे से सुसाइड नोट बरामद कर लिया है। इसके बारे में परिजनों को सूचित कर दिया गया। परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार में अमरजीत सिंह (38) पुत्र बलबीर सिंह, फर्स्ट-ए, न्यू ऑफिस कॉलोनी पटियाला (पंजाब) शुक्रवार को पांवटा पहुंचा। यहां के एक होटल में कमरा लेकर वह रात को ठहरा। दोपहर को होटल के नियमानुसार चेकआउट होता है। इस दौरान कमरे में ठहरे यात्री को आवाज लगाई गई लेकिन कमरे के भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पांवटा पुलिस थाने में सूचित किया गया। पुलिस टीम होटल परिसर पहुंची। कमरे के दरवाजे को उखाड़ा गया। इसके बाद कमरे में पटियाला निवासी अमरजीत सिंह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस टीम ने युवक को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल प्रबंधन से परिजनों का पता व फोन नंबर पूछ कर सूचित कर दिया। युवक द्वारा कोई विषैला पदार्थ निगलने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के कमरे से सुसाइड नोट बरामद कर लिया गया है। इसमें युवक ने लिखा है कि मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
थाना प्रभारी भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि पांवटा के एक होटल में ठहरे पटियाला निवासी युवक अमरजीत सिंह (38) की मौत हो गई है। मृतक के कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Related posts