मारकंडा नदी में फंसे 125 लोग बचाए

कालाअंब (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन से 10 किलोमीटर दूर मारकंडा नदी स्थित ढिमकी मंदिर क्षेत्र में शनिवार तड़के मूसलाधार बारिश के बाद सुबह आई पानी की भारी आवक में एक व्यक्ति बह गया। उसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। नदी के पानी में आए अचानक तेज बहाव के चलते युवक लगभग 100 मीटर दूर बह गया। बाद में जैसे-तैसे किनारे लगे इस व्यक्ति को आसपास के लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके अलावा स्कूली बच्चों और महिलाओं सहित लगभग 125 के करीब लोग नदी के बीच बहाव तेज होने के चलते फंस गए। इन्हें भी बाद में सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नाहन स्थित दमकल केंद्र में तैनात आपदा प्रबंधन के सदस्य तथा अग्निशमन कर्मचारियों का दल होमगार्ड चतुर्थ वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी बलदेव सिंह की अध्यक्षता में मारकंडा नदी पर पहुंचा।
जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम मुख्यालय घटना स्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने बचाव तथा राहत कार्यों का जायजा लिया। इस बीच आपदा प्रबंधन टीम मारकंडा नदी के टापू पर चढ़ गई। यहां से बाद में नदी के बीच में बने रास्तों में पानी के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बचाया गया।
इससे पूर्व शनिवार को नाहन में अपने कार्यालयों को जाने के लिए सुशील कुमार, कमलेश चंद, अरुण कुमार, अंकुर, संजीव, हुसन लाल, राजेश सहित कई स्कूली छात्र जब सुबह के समय मारकंडा नदी को पार कर रहे थे तो अचानक बहाव तेज हो गया। नदी में भारी मात्रा में आए पानी के चलते बाबू राम निवासी भूड़गांव लगभग 100 मीटर तक की दूरी में बहता चला गया। उसे आसपास के ग्रामीणों तथा साथ नदी पार कर रहे लोगों ने जैसे-तैसे बचा लिया। बाद में बचाव तथा राहत कार्य अग्निशमन तथा आपदा प्रबंधन की टीम ने संभाला। टीम ने नदी में फंसे लगभग 125 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
होमगार्ड चतुर्थ वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी बलदेव सिंह ने बताया कि मौके पर सौ से अधिक लोगों को नदी से निकाला गया है।

एसडीएम पहुंचीं मौके पर
एसडीएम नाहन ज्योति राणा ने बताया कि स्थिति विकट बन गई थी। लोगों को जिला प्रशासन की ओर से पहले ही आगाह किया गया है कि वे नदी तथा नालों के रास्तों को बरसात के दिनों में न अपनाएं। स्थानीय पंचायत प्रधान एवं कानूनगो को स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। लोगों को नदी में जाने से रोकने को भी कहा गया है।

नदी में जलस्तर बढ़ा, 5 गांवों की समस्या बढ़ी
बनकला पंचायत की प्रधान विमला देवी ने बताया कि नदी पर कोई पुल नहीं होने के कारण कून, नेहरला, मक्कड़वाली, भेड़ी वाला तथा भूड़ के गांवों के लोगों को आवाजाही करने में संकट पैदा हो गया है। क्षेत्र में नदी पर कोई आपात पुल नहीं बना है। इसके चलते लोगों का जीवन खतरे में है।

Related posts