
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए दंत चिकित्सा महाविद्यालय तथा नर्सिंग कालेज शिमला को घणाहट्टी के नजदीक गडौग में बदला जाएगा। इससे आईजीएमसी शिमला में रोगियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को आईजीएमसी शिमला के वर्तमान परिसर पर बढ़ रहे दबाव को कम करने और वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने पर बुलाई उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह और शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा भी बैठक में थे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि आईजीएमसी शिमला में प्रतिदिन 5000 से अधिक रोगी, उनके सहायक और उनके अन्य आगंतुक आते हैं। यहां सीमित स्थान होने के कारण आईजीएमसी परिसर पर दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में यहां से कुछ इकाइयों को स्थानांतरित करना ही उचित है। आईजीएमसी में दंत चिकित्सा इकाई कार्यरत रहेगी। वीरभद्र सिंह ने कहा कि साथ लगते क्षेत्रों के रोगियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए गडौग में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाला अस्पताल निर्मित किया जाएगा, जिसमें डेंटल तथा नर्सिंग इकाइयां स्थापित होंगी। इस पर लगभग 100 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। आईजीएमसी अस्पताल के लिए समर्पित नया बहुमंजिला ओपीडी खंड एवं पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी। इसमें 400 वाहन खड़े हो सकेंगे। इसका निर्माण कार्ट रोड से लक्कड़ बाजार तक किया जाएगा। यहां ओपीडी के अतिरिक्त ट्रामा केंद्र, आपात विभाग, मिनी आप्रेशन थियेटर और चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए कमरे भी निर्मित किए जाएंगे। इन सुविधाओं को 50 करोड़ रुपये व्यय होंगे। बैठक में मुख्य सचिव एस. राय, प्रधान सचिव वित्त श्रीकांत बाल्दी, प्रधान सचिव स्वास्थ्य अली रजा रिजवी भी थे।
रिपन सिटी हास्पिटल, केएनएच संपूर्ण अस्पताल बनेगा
शिमला। वीरभद्र सिंह ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल शिमला को पूर्ण मातृ एवं शिशु अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां 100 बिस्तर की क्षमता तथा 100 वाहनों की पार्किंग सुविधायुक्त एक नया खंड विकसित किया जाएगा। यहां और अधिक संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जाएंगे। दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला को सिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। वीरभद्र सिंह ने निजी क्षेत्र में एक सुपर स्पेशियेलिटी अस्पताल स्थापित करने को उपायुक्त शिमला को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।
