टुटू में न टैक्सी और न एचआरटीसी की बसें

शिमला। टुटू वार्ड की जनता को न ही एचआरटीसी की टैक्सी नसीब है और न ही जरूरत के मुताबिक बसें। परिवहन सेवा निजी और लंबे रूट की बसों पर निर्भर है। शाम छह बजे के बाद टुटू के लिए एचआरटीसी की एक भी लाल बस नहीं चलती। नतीजतन क्षेत्र के लोगों को लंबे रूट की बसों और निजी बसों में भीड़ के बीच सफर करना पड़ रहा है। सुबह आॅिफस आने और शाम को पांच बजे के बाद घर जाने के लिए भी कोई अलग बस सुविधा नहीं है। खासकर मज्याठ, शिवनगर, दिव्यनगर, विजय नजर, लोअर टुटू के लोगों को ज्यादा दिक्कतें आती हैं। यहां ग्रामीण क्षेत्रों व नालागढ़ से आने वाली बसों में पहले ही ओवरलोडिंग होती है और बसें रुकती भी नहीं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से भी दस हजार से अधिक आबादी वाले इस उपनगर को एक डिस्पेंसरी के सहारे छोड़ दिया गया है। बीमार पड़ने पर यहां के लोगों को राजधानी ही आना पड़ता है।
पार्षद निर्मला चौहान कहती हैं कि टैक्सी की मांग लेकर वे परिवहन निगम के एमडी तक मिल चुकी हैं। चार बार उपायुक्त से प्रतिनिधिमंडल मिल चुका है, मगर मांग पूरी नहीं हुई। क्षेत्र के लिए बस सेवा भी पर्याप्त नहीं है। अस्पताल की मांग का मुद्दा मुख्यमंत्री से उठाया है।
——-
बाजार की सड़क खस्ताहाल
वार्ड की बाजार होकर जाने वाली मुख्य सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। इसमें केबल और पानी की लाइन बिछाने के लिए खुदाई हुई है, जिसे खुला छोड़ दिया गया है। सड़क किनारे नालियां तक नहीं बनी हैं, जिससे बारिश का पानी घरों में घुस रहा है। जगह जगह डंगे गिर रहे हैं। मुख्य बाजार में न तो सड़क की टारिंग हुई है और न ही नालियां हैं।

Related posts