
मंडी। मंडी में पुलिस कर्मियों की ओर से एक महिला से कथित गैंग रेप मामले की एसएफआई मंडी इकाई ने निंदा की है। शनिवार को इस मसले पर एसएफआई ने उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपा तथा आरोपी पुलिस कर्मियाें के खिलाफ कड़ी कार्रर्वाई की मांग की।
एसएफआई मंडी इकाई उपाध्यक्ष पुष्पा ने कहा कि शहर में घटित हुई इस घटना से न केवल देवभूमि तथा छोटी काशी शर्मसार हुई है, बल्कि पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को भी गहरा आघात पहुंचा है। पुलिस जनता की रक्षक है। यदि जनता की भक्षक बन जाए तो जनता किस से सुरक्षा की फरियाद और अपेक्षा करेगी। एसएफआई ने उपायुक्त से समस्त दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष तौर पर प्रयास करने का आग्रह किया। गत रोज मंडी में तीन पुलिस कर्मियों ने एक महिला के साथ कथित गैंग रेप किया। दोषी तीनों पुलिस कर्मी हिरासत में हैं। इस अवसर पर एसएफआई की अध्यक्ष भावना, पूजा, सुनीता, पुष्पा देवी, हेमराज, कमलजीत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
