
जुखाला (बिलासपुर)। बिलासपुर के नम्होल और जुखाला क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात में तीन एटीएम तोड़ कर नकदी पर भी हाथ साफ कर लिया। अलग-अलग बैंकों के तीन में से दो एटीएम से चोर पैसे चुराने में कामयाब हो गए। चोरी की गई कुल रकम 61, 600 रुपये बताई जा रही है। चोर एटीएम का सैफ तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। अन्यथा चोरी की रकम लाखों में पहुंच सकती थी। पुलिस ने मौके का मुआइना करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार गत रात्रि चोरों ने नम्होल स्थित एसबीआई और युको बैंक जुखाला के एटीएम को तोड़कर चोरी कर ली। हालांकि, चोर एटीएम का सैफ नहीं तोड़ पाए लेकिन कैश डिस्पैंसर तोड़कर हाथ डालकर जो निकला उसे लेकर वह फरार हो गए। चोर युको बैंक से 27, 100 और एसबीआई के एटीएम से 34, 500 रुपये चुराने में कामयाब हो गए। हालांकि, इसके बाद नम्होल में ही कोआपरेटिव बैंक का एटीएम भी तोड़ा गया लेकिन यहां से चोरी कुछ कैश चोरी नहीं हुआ।
कोआपरेटिव बैंक के प्रबंधक रामलाल शर्मा के मुताबिक एटीएम में लगे सीसीटीवी केमरे की फुटेज में देखने पर यह चोर बाहरी राज्य के लगते हैं। चोरों ने एटीएम का आउटर बॉक्स तोड़ दिया है लेकिन वह इन्नर बॉक्स को नहीं तोड़ पाए। पुलिस के मुताबिक एटीएम तोड़ने के लिए इसके लिए उन्होंने लोहे की रॉड का इस्तेमाल किया है। यूको व एसबीआई बैंक के एटीएम से भी चोर कैश डिस्पैंसर से ही पैसे निकाल पाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि छानबीन की जा रही है। चोरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया है। जल्द ही चोर सलाखों के पीछे होंगे।
