पुलिस के हत्थे चढ़े तोड़फोड़ के आरोपी

घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में करीब छह माह पूर्व एटीएम में तोड़फोड़ करने के मामले में आरोपी युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनमें से रविंद्र नामक एक आरोपी को गत शुक्रवार शाम दबोचा गया। शनिवार को उसे न्यायिक दंडाधिकारी राजेश चौहान की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं, पंकज नामक दूसरा आरोपी शनिवार को पकड़ा गया। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
सहायक लोक अभियोजक सुरेश ठाकुर ने बताया कि गत जनवरी माह में चांदपुर निवासी पंकज व बेनला निवासी रविंद्र घुमारवीं में स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। एटीएम से पैसे न निकलने पर उन्होंने एटीएम बूथ में तोड़फोड़ की थी। उनकी सारी हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थीं। बैंक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी थी। एटीएम में लगे कैमरे की मदद से दोनों युवकों की पहचान करके पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। आरोपियों ने अग्रिम जमानत के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में आवेदन कर रखा था। गत शुक्रवार को जमानत याचिका खारिज होने के बाद शाम के समय पुलिस ने रविंद्र को धर दबोचा था, जिसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया। वहीं, दूसरे आरोपी पंकज को शनिवार को पकड़ लिया गया। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Related posts