अधूरी तैयारी से करवाई जा रही आईटी शिक्षा

चंबा। जिला के 72 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में आईटी शिक्षा बिना प्रबंधों के ही शुरू कर दी गई है। अभी तक सेवाएं मुहैया करवा रही कंपनी की ओर से स्कूलों में नए कंप्यूटर सिस्टम नहीं लगाए गए हैं । इसके अलावा अधिकांश स्कूलों में लैब की भी व्यवस्था नहीं हो पाई है। इस कारण आईटी शिक्षा सुचारु रूप से शुरू नहीं हो पा रही है। जानकारी के मुताबिक नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते की नाइलेट कंपनी ने सभी स्कूलों में नए कंप्यूटर सिस्टम लगाने की बात कही थी। इसके अलावा बेहतर कंप्यूटर लैब की सुविधा देने का दावा किया था, लेकिन अभी तक अधिकांश स्कूलों में पुराने कंप्यूटर सिस्टम लगे हुए हैं। इसके अलावा कुछ स्कूलों में तो लैब तक की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इस कारण आईटी शिक्षकों को जहां पढ़ाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं, वहीं छात्रों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है। यही नहीं कंपनी की ओर से आईटी शिक्षकों को वेतन भी दो माह के बाद जारी किया गया है। कुछ शिक्षकों को अभी भी वेतन नहीं मिल पाया है। आईटी शिक्षक संजय कुमार, सूरज बड़ोत्रा, प्रेम चंद, विकेश कुमार, मदन लाल और अंजना ने बताया कि अभी तक स्कूलों में नए कंप्यूटर सिस्टम नहीं लग पाए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने सिस्टम खराब पड़े हैं। इस कारण बच्चों को पढ़ाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि कु छ स्कूलों के लिए नए कंप्यूटर जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में कंप्यूटर सिस्टम नहीं लगे हैं कंपनी को निर्देश जारी कर कंप्यूटर सिस्टम लगवा दिए जाएंगे।

Related posts