
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। बीती रात नगरोटा सूरियां के देहरा चौक पर स्थित एक रेस्टोरेंट की तीसरी मंजिल की छत से गिरने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक प्रवीण पालमपुर के गांव पंतेहड़ का रहने वाला था और नगरोटा सूरियां स्थित रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था। जवाली थाना के प्रभारी हरिपाल सैणी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी हरिपाल सैणी ने बताया कि उन्हें रेस्टोरेंट के मालिक बलवीर पठानिया ने नगरोटा सूरियां पुलिस चौकी में फोन कर इसके बारे में सूचना दी। जानकारी के अनुसार रेस्टोरेंट में दो वेटर काम करते हैं और रेस्टोरेंट में ही रहते हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई का पता चल पाएगा। उधर, मृतक की माता स्वर्णा देवी का कहना है कि उसका बुढ़ापे का एकमात्र सहारा प्रवीण ही था। मामा शंभू राम ने बताया कि स्वर्णा देवी अति निर्धन परिवार से है और अब बेटे की मौत के बाद उसके बुढ़ापे का कोई भी सहारा नहीं रहा है।
