पर्यटन कारोबार को रोप-वे देंगे रफ्तार

भल्याणी (कुल्लू)। मंत्रिमंडल में कुल्लू जिले के लिए दो रोप-वे मंजूर होने से पर्यटन कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार ने भुंतर से बिजली महादेव तथा पचलान से रोहतांग को रोप-वे से जोड़ने को मंजूरी दी है। घाटी में रोप-वे लगने से जहां कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे वहीं पर्यावरण प्रदूषण भी घटेगा। लेकिन भूंतर रोप-वे को छोड़कर रोहतांग रोप-वे को लेकर विरोध शुरू हो गया है। टैक्सी चालकों का कहना है कि रोहतांग के लिए किसी भी सूरत में रोप-वे नहीं लगने देंगे। सरकार ने घाटी के लिए दो रोप-वे को स्वीकृति प्रदान कर दी है। रोप-वे को मिली इस मंजूरी से घाटी के पर्यटन व्यवसाय में इजाफा तो होगा ही साथ ही ब्लैक कार्बन की बढ़ी मात्रा पर भी अंकुश लगेगा।
यहां मौहल के हिमालयन पर्यावरण संस्थान जीवी पंत के वरिष्ठ वैज्ञानिक एसएस सांवत के अनुसार रोहतांग पर बढ़ते ट्रैफिक से प्रदूषण की मात्रा लिमिट को पार कर रही है। घाटी के धुएं से ब्लैक कार्बन की मात्रा भी बढ़ने लगी है। इसका असर यहां के ग्लेशियरों सहित मानव जीवन पर दिखने लगा है। सफेद ग्लेशियर काले पड़ने लगे हैं। डा. सांवत ने रोप-वे की स्वीकृति को पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए सुखद बताया।

नहीं लगने देंगे रोहतांग को रोप-वे
मनाली टैक्सी आपरेटर यूनियन ने पचलान-रोहतांग रोप-वे को किसी भी सूरत में न बनने की चेतावनी दी है। यूनियन के प्रधान पूर्ण चंद ने बताया कि रोप-वे के लगने से करीब 2000 टैक्सी चालकों की रोजी-रोटी छिन जाएगी। इसके खिलाफ वह जन आंदोलन छेड़ेंगे।

पर्यटन कारोबार को लगेंगे चार चांद
कैबिनेट का फैसला स्वागत योग्य है। रोप-वे लगने से कुल्लूू-मनाली के पर्यटन को चार चांद लगेंगे। सरकार का यह फैसला पर्यटन और पर्यावरण के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए सकारात्मक पहल है।
बुद्धि सिंह ठाकुर अध्यक्ष जिला कांग्रेस कुल्लू

बिजली महादेव में रोप-वे का स्वागत
भुंतर से बिजली महादेव के बीच लगने वाले रोप-वे का स्वागत करते हैं। पलचान – रोहतांग रोप-वे को किसी भी सूरत में बनने नहीं दिया जाएगा। इसके लगने से घाटी के हजारों टैक्सी चालकों को दिक्कत होगी। बिजली महादेव रोप-वे को उन्होंने पूर्व कार्यकाल में अपनी विधायक प्राथमिकता में डाला था।
गोविंद सिंह ठाकुर विधायक मनाली

Related posts