कहीं बड़ी आपदा तो नहीं ये रिसाव

सैंज (कुल्लू)। पार्वती जल विद्युत परियोजना तीन की टनल से हो रहे पानी के रिसाव से सपागणी गांव के ग्रामीण दहशत में है। टनल से पानी का रिसाव रुकने के बजाए बढ़ता जा रहा है। ऐसे में गांव के लोगों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार से घाटी में बदले मौसम तथा बारिश ने सपागणी के ग्रामीणों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सियुंड से लारजी तक निकाली गई आठ किमी लंबी टनल से पानी का रिसाव घटने के बजाए बढ़ गया है।
टनल से एक नहीं सात से आठ जगहों से पानी रिस रहा है। तलाड़ा के पूर्व प्रधान नरेंद्र कुमार, उपप्रधान रमेश भंडारी, मोहर सिंह, भादुर सिंह, महेंद्र सिंह, रोशन लाल, तीर्थ राम और भीमी राम ने कहा कि शनिवार सुबह उनके गांव के ठीक ऊपर से गुजरने वाली टनल के भीतर एक जोरदार आवाज भी हुई है। इस गंभीर समस्या बारे में उन्होंने एनएचपीसी को बता दिया है लेकिन कंपनी और परियोजना प्रबंधन ने अभी तक इस पर कोई कदम नहीं उठाया। दो जुलाई से शुरू हुआ यह सिलसिला अभी तक जारी है। वहीं नायब तहसीलदार औट ने शनिवार को प्रभावित गांव का दौरा कर निरीक्षण किया है।
नाला का जलस्तर बढ़ने से पुलिया बही
डीसी राकेश कंवर ने कहा कि बंजार एसडीएम को जायजा लेने के आदेश दिए थे। इसके बाद नायब तहसील ने घटना का दौरा कर लिया है। प्रशासन इस पर पूरी नजर बनाए हुए। कंपनी प्रबंधन से भी इस बाबत बात की है। उन्होंने बताया कि सोलंगनाला के पास नाले का जलस्तर बढ़ने से एक पुलिया भी बह गई है। लेकिन बड़ा पुल होने के कारण यहां किसी गांव का संपर्क नहीं कटा है।

Related posts