
रोहडू। पीजी कालेज सीमा में एबीवीपी ने सेमेस्टर सिस्टम के विरोध में प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एबीवीपी ने सेमेस्टर सिस्टम को बंद करने की मांग उठाई। एबीवीपी इकाई के सचिव नितिश शर्मा ने बताया कि विवि प्रशासन ने इस वर्ष सेमेस्टर सिस्टम लागू किया है। सेमेस्टर सिस्टम से प्रथम वर्ष के छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सेमेस्टर सिस्टम के अंतर्गत छात्रों की कक्षाएं सुबह दस से शाम पांच बजे तक लगेंगी। सीमा कालेज में अधिकांश छात्र दूरदराज क्षेत्रों से आते हैं। शाम पांच बजे के बाद अपने घरों को जाना छात्रों के लिए मुश्किल हो जाएगा। इसके चलते छात्र कालेज में प्रवेश लेने में असमर्थ हैं। साथ ही छात्र अपना मन चाहा विषय भी पढ़ नहीं पा रहे हैं। सेमेस्टर सिस्टम में बहुत खामियां हैं। एबीवीपी छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए सेमेस्टर सिस्टम का विरोध कर रही है। इसी विरोध के चलते एबीवीपी ने शनिवार को प्राचार्य को मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विवि प्रशासन से सेमेस्टर सिस्टम के विषय पर गंभीरता से विचार करने का भी आग्रह किया है। इस अवसर पर विरेंद्र, राजू कामटा, जयदेव बास्टा, प्रियंका, पुष्पा, पंकज, रजनीश, सुनील, अक्षय, पुनीत, लक्की, विजय, रोहित, चेतन, विक्की, विलसन, राहुल, गगन, रॉबिन, मनोज सहित एबीवीपी के कई सदस्य उपस्थित थे।
