
लक्सर। वन विकास निगम के अध्यक्ष और खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने गंगा खादर में बाढ़ से हुई तबाही के लिए केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्रीय मंत्री ने समय रहते तटबंधों की मरम्मत के लिए बजट को स्वीकृति दी होती तो कई गांवों को बाढ़ की विभीषिका नहीं झेलनी पड़ती।
प्रेस को जारी बयान में विधायक प्रणव ने गंगा खादर में आई बाढ़ को लेकर केंद्रीय जल संसाधन मंत्री को आड़े हाथो लिया। विधायक ने कहा कि उन्होंने गंगा और सोलानी के क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत के लिए गंगा फ्लड कंट्रोल कमीशन को पत्र लिखा था। कमीशन ने उनके पत्र को संज्ञान में लेकर तटबंधों की मरम्मत और अन्य कार्यों को स्वीकृति दे दी थी। लेकिन यह फाइल केंद्रीय जल संसाधन मंत्रालय में आकर रुक गई। प्रणव का कहना है कि केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत ने जानबूझकर फाइल को लटकाने का काम किया है। यदि केंद्रीय मंत्री ने समय रहते हस्ताक्षर किए होते और बजट जारी किया होता तो यह स्थिति नहीं बनती। विधायक का कहना है कि केंद्रीय मंत्री अपनी कमियों पर पर्दा डालने के लिए प्रदेश सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री को प्रदेश सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने का अधिकार नहीं है। प्रदेश सरकार ने तटबंधों की मरम्मत के लिए साठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। केंद्रीय मंत्री खाली हाथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं।
