चौकीसेरा के जर्जर पुल से आवागमन पर रोक

दुगड्डा। आखिर आवाज उठी तो प्रशासन चेत ही गया। ब़हस्पतिवार को एसडीएम पीएल शाह ने सलगाड़ नदी के जर्जर पुल का निरीक्षण किया और खतरे को भांपते हुए पुल से आवागमन पर रोक लगा दी है। उन्होंने नई व्यवस्था होने तक ग्रामीणों को करीब पांच सौ मीटर दूर बस्यूर गांव के पास स्थित दूसरे पुल से होकर गुजरने की सलाह दी है। साथ ही यहां पुल के पुनर्निर्माण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
सिलगाड़ नदी पर चौकीसेरा-मासकेत गांव के समीप पुल के जर्जर हो जाने से गांव वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पुल से गुजरने को मजबूर हैं। अमर उजाला ने पांच जुलाई को इस समस्या को ‘प्रशासन को यहां भी हादसे का इंतजार’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित कर शासन प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था। इसका असर भी देखने को मिला।
उच्चाधिकारियों के आदेश पर लैंसडौन के एसडीएम पीएल शाह ने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें समस्याएं बताई। एसडीएम ने सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल इस पुल से आवाजाही पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि नये पुल के निर्माण के लिये प्रयास किये जा रहे हैं।

Related posts