
हल्द्वानी। निकाय चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में बृहस्पतिवार देर रात तीन युवकों ने एक पार्षद पर हमला कर दिया। उसकी जमकर पिटाई की। पार्षद के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना वनभूलपुरा चौकी क्षेत्र की है।
वार्ड 23 के पार्षद गुफरान निवासी लाइन नंबर आठ का निकाय चुनाव के वक्त से ही क्षेत्र के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार रात इम्तियाज, यूसुफ और इंतजार ने गुफरान को रास्ते में रोक लिया और उसे धमकाया, जिसकी शिकायत लेकर इम्तियाज देर रात वनभूलपुरा चौकी पहुंचे। इसी बीच तीनों आरोपी भी अन्य लोगों के साथ वहां आ पहुंचे। उन्होंने गुफरान को चौकी के बाहर रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी। हंगामा होने पर वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख आरोपी फरार हो गए। घायल गुरफान को बेस अस्पताल ले जाया गया। गुरफान के भाई इमरान की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। चौकी इंचार्ज प्रमोद पाठक ने बताया कि इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि दो आरोपियों की गिरफ्तारी को लगातार दबिश दी जा रही है।
