कांग्रेसियों में ‘आपदा’ पर भी ‘महाभारत’

देहरादून। कांग्रेस भवन में आपदा पीड़ितों की मदद और उनके संबंध में जानकारी देने के लिए बनी कमेटी के सदस्यों को लेकर कांग्रेसियों में ‘महाभारत’ मचा है। आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने गुस्से में आकर कांग्रेस भवन में लगे समिति के बैनर फाड़कर फेंक दिए और हंगामा किया। नेताओं का कहना है कि इसकी शिकायत अनुशासन समिति से की जाएगी।
आपदा कमेटी में पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद्र शर्मा, सुमेरचंद्र, मनीष नागपाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप वोहरा, विशाल डोभाल का नाम है। इस पर जितेंद्र सिंह चौहान ने एतराज किया। नेताओं का कहना है कि बुधवार रात को चौहान ने समिति के चार बैनर फाड़ डाले और हंगामा किया। उनका आरोप है कि चौहान ने वरिष्ठ नेताओं के संबंध में उल्टा-सीधा कहा है। इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य और अनुशासन समिति से की जा रही है।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस भवन में आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष चौहान का मामला चर्चा का विषय रहा। इस संबंध में चौहान का कहना है कि कुछ लोगों के नामों को आपदा समिति में जबरदस्ती डाल दिया गया। कोई बताए कि उन लोगों ने पार्टी के लिए क्या किया है। काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है।

Related posts