
लालपुर। संदिग्ध परिस्थितियों में सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से मुरादाबाद के धतूरा नगला भूढापांडे निवासी शिशुपाल (33) किच्छा क्षेत्र के दोपहरिया गांव में रहकर लालपुर स्थित सिक्योरिटी एजेंसी में कार्य करता था। वर्तमान में उसकी ड्यूटी महराजपुर स्थित जेएमसी आटोमोटिंग कंपनी में लगी थी। गुरुवार की रात में वह ड्यूटी पर आया था। सुबह वह गार्ड रुम में मृत पाया गया। उसके मुंह से खून निकल रहा था। एक फैक्ट्री कर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिक्योरिटी एजेंसी के प्रबंधक ने बताया कि शिशुपाल तीन दिन की छुट्टी के बाद लौटा था। उन्होंने हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से मृत्यु होने की आशंका जताई। उधर, कोतवाल हरक सिंह फिरमाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
