
अल्मोड़ा। कुमाऊं विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर में कार्यरत संविदा शिक्षकों को सेवा विस्तार नहीं देने से नाराज संविदा शिक्षकों और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को परिसर में नारेबाजी कर विरोध जताया। बाद में उन्होंने परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं विवि नैनीताल समेत भीमताल और अल्मोड़ा परिसरों में कार्यरत 56 संविदा शिक्षकों को सेवा विस्तार नहीं दिए जाने से उनके सामने रोजगार की समस्या आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के 37 संविदा शिक्षकों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। पिछले आठ वर्षों से विवि में सेवा देने के बावजूद उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि संविदा शिक्षक कई सालों से मेहनत से पढ़ा रहे हैं। चालू शिक्षा सत्र में उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिए जाने से उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है।
उन्होंने सभी संविदा शिक्षकों को शीघ्र सेवा विस्तार देने की मांग की। एनएसयूआई ने संविदा शिक्षकों को सेवा विस्तार नहीं दिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी। नारेबाजी करने वालों में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हरीश सिंह बनौला, नगर अध्यक्ष संदीप नयाल, छात्रसंघ अध्यक्ष संजय वाणी, एनएसयूआई परिसर अध्यक्ष शशांस महेश्वरी, उपाध्यक्ष मनोज बुधियाल, महासचिव निखिलेश पवार, प्रेम पवार, विनय शैलानी, भोला शंकर जोशी, मोहसिन अख्तर, आशीष आभा आदि शामिल थे।
