आरोपी ड्राइवर निलंबित, विभागीय जांच शुरू

नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन विभाग के मुख्यालय में दूसरी मंजिल स्थित प्रशासनिक कमरे में गोली चलाने वाले ड्राइवर सुनील को निलंबित कर दिया गया है। डीटीसी अधिकारियों के मुताबिक उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। जांच में गोली चलने के कारणों की पूरी रिपोर्ट डिप्टी चीफ जनरल मैनेजर एके श्रीवास्तव को बनाने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपी ड्राइवर सुनील मुख्यालय में अधिकारियों की सरकारी गाड़ियां चलाता है। जानकारी के मुताबिक सुनील, बृहस्पतिवार को ही तीन दिन की छुट्टी के बाद लौटा था। खास बात यह थी कि जिस समय मुख्यालय में गोली चलने का हादसा हुआ, उसी समय ग्राउंड फ्लोर पर एमडी राजीव वर्मा के कमरे में अफगानिस्तान का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था। अधिकारियों के मुताबिक सुनील ड्यूटी के समय रिवाल्वर लेकर मुख्यालय पहुंचने की विस्तार से जांच हो रही है। उधर पुलिस को डीटीसी चालक का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की एक टीम ने बृहस्पतिवार रात तिलक नगर स्थित उसके आवास पर छापा मारा। लेकिन वह नहीं मिला। आईपी इस्टेट थाने की पुलिस चालक के गोली चलाए जाने के मकसद के बारे में भी जानकारी हासिल कर रही है। पुलिस ने गोली चलने वाले कमरे में मौजूद कर्मचारी से पूछताछ की है। जिसमें पता चला कि चालक सुनील कमरे में फोटो कॉपी करवाने आया था। इसी दौरान वह अपने कमर से रिवाल्वर निकालकर दिखाने लगा। फिर सारे कर्मचारी काम करने लगे, अचानक गोली चली और गोली अलमारी में जाकर लगी।

Related posts