बुजुर्ग के बैंक में 76 हजार चोरी

सोलन। रिश्तेदार के आपरेशन के लिए निकाली रकम में से करीब 76 हजार रुपये की राशि कुछ शातिर बैंक से ही उड़ा ले गए। सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधन हरकत में आया, लेकिन शातिर अपना काम कर रफूचक्कर हो चुके थे। प्रभावित ने पुलिस ने शिकायत की है।
सूत्रों के मुताबिक तीन युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ हुई है। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। उधर बैंक प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। बुजुर्ग कैलाश नाथ ओझा ने बताया कि वह सुबह करीब सवा ग्यारह बजे बैंक में पहुंचे। उनके साले का ट्यूमर का आपरेशन होना था। बेटे से पैसा लेकर वह बैंक में अपने एकाउंट में रकम डलवाने निकले थे, जिससे की चंडीगढ़ में कैश करवाया जा सके। कैश बैंक के टेबल में रखकर वे जमा स्लिप भरने लग गए। इतने में ही उनका बैग गायब हो गया।
पूछताछ करने पर किसी ने बताया कि उनका रुपयों का पैकेट कोई ले गया है। बैंक प्रबंधन को सूचित किया गया। बैंक का गेट भी बंद किया, लेकिन इतने में शातिर अपना काम कर चुके थे। प्रभावित ने पुलिस में इसकी शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस को बैंक प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक सोलन डा रमेश छाजटा ने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी
बैंक के ब्रांच मैनेजर जोगेंद्र कुमार ने कहा कि इस घटना के वक्त वे ब्रांच में नहीं थे। लेकिन पूछताछ में पाया गया है कि दोनों शातिर बुजुर्ग का पीछा करते हुए आए थे। सीसीटीवी में इमेज कैद हैं। जांच के लिए इसे पुलिस को सौंप दिया गया है। जल्द ही इस मामले में तस्वीर साफ हो जाएगी।

Related posts