
पधर (मंडी)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पधर इकाई ने शुक्रवार को छात्र हित से जुड़ी मांगों को पूरा करने के लिए महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। जिसके बाद कालेज के प्राचार्य केके वैद्य को ज्ञापन सौंपा। इकाई अध्यक्ष सुरेश कुमार के नेतृत्व में कालेज प्राचार्य केके वैद्य के नेतृत्व में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कालेज परिसर की लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इकाई अध्यक्ष ने प्राचार्य को सौंपे मांग पत्र का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्थानीय कालेज में कॉमर्स की कक्षाओं को मान्यता दे दी है, लेकिन साइंस की कक्षाएं शुरू नहीं की हैं। जिसका एबीवीपी कड़ा विरोध करती है। रूसा प्रणाली के तहत प्रदेश के सभी कालेजों में सभी सुविधाएं होना जरूरी है। कालेज में बस पास काउंटर खोला जाए। इसके अलावा कालेज में एनसीसी की यूनिट खोली जाए। कालेज छात्रों के लिए सुबह और छुट्टी के समय बस सुविधा का व्यापक प्रबंध किया जाए। कालेज परिसर को जाने के लिए सुरक्षा दृष्टि से प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाए और सायरन व्यवस्था का प्रावधान किया जाए। सुरेश ने कहा कि कालेज के पास काफी भूमि है। लिहाजा कालेज परिसर में बाउंड्री वॉल के साथ-साथ खेल मैदान का निर्माण किया जाए। कालेज परिसर में कुछेक छात्र गलत गतिविधियों को अंजाम देकर शैक्षणिक वातावरण का माहौल खराब कर रहे हैं, ऐसे छात्र किसी भी संगठन से संबंध रखते हों, कालेज प्रशासन उन पर पैनी नजर रखे ताकि कालेज के वातावरण में कोई दाग न लग सके।
