
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दारट गांव में महिला ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को उपचार के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दराट गांव में विवाहिता ने शुक्रवार सुबह अपने ही घर में आग लगा कर खुदकशी करने का प्रयास किया। किसी तरह महिला को बचा कर उपचार के लिए जोगिंद्रनगर सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से उसे टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने महिला के पिता रूप सिंह निवासी मनोह के बयान पर धारा 498 ए और 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित के पिता रूप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी लड़की की शादी वर्ष 2010 में दारट गांव के नवीन से हुई थी। शादी के बाद पति नवीन, ससुर और सास दहेज के लिए तंग करते थे और बात-बात पर उसे प्रताड़ित करते थे। जिससे तंग आकर उसने खुदकशी करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
