डाक्टर छुट्टी पर, मरीज बेहाल

बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मन्नण दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। यहां पर डाक्टर की तैनाती की गई है। पंद्रह दिन से डाक्टर के छुट्टी पर होने के कारण मरीजों को समस्या उठानी पड़ रही है। करीब दो वर्ष से केंद्र फार्मासिस्ट का पद रिक्त पड़ा हुआ है।
स्थानीय निवासी उपेंद्र सिंह परमार, कुलदीप परमार, शंकर सिंह, कर्म सिंह, मान सिंह, उधम सिंह, जोध सिंह, पुरुषोत्तम सिंह, विजय राम परमार ने कहा करीब दो वर्ष पूर्व स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट का किसी अन्य स्वास्थ्य केंद्र तबादला कर दिया गया। तब से लेकर आज तक सरकार व विभाग ने इस स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट भेजने की कोई भी कार्रवाई नहीं की। पिछले 15 दिन से जो चिकित्सक उनके स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहा था। वह भी छुट्टी पर चला गया है। लेकिन विभाग ने अस्थाई तौर पर भी यहां पर कोई भी व्यवस्था नहीं की। इस कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में मन्नण क्षेत्र के लोगों को बरठीं स्वास्थ्य केंद्र में अपना इलाज करवाने के लिए जाना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र मात्र दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी के सहारे चल रहा है। जो दवाइयां देने में असमर्थ है। केंद्र को सुबह खोलकर शाम को बंद कर देता है। लोगों ने सरकार, विभाग से मांग की है कि उक्त स्वास्थ्य केंद्र की सुध ली जाए ताकि लोगों को कोई भी परेशानी नहीं उठानी पड़ी।

Related posts