
बिलासपुर। चांदपुर क्षेत्र के भंदवाड़ गांव में परिवार के सदस्य रात को सोते ही रह गए और चोर एक कमरे का ताला तोड़कर वहां से एक संदूक ले उड़े। मामले से जुड़ा हैरतअंगेज पहलू यह भी है कि चोरों ने संदूक से गहने तो समेट लिए, लेकिन हजारों रुपए की नकदी वहीं रह गई।
जानकारी के अनुसार चांदपुर क्षेत्र के भंदवाड़ गांव निवासी परमानंद शर्मा के घर में गत वीरवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। चोरों ने बंद पड़े एक कमरे का ताला तोड़ा। वहां मौजूद संदूक उठाकर वे चलते बने। किसी को कानाे कान इसकी भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों ने कमरे का ताला टूटा देखा। तब जाकर उन्हें चोरी होने का पता चला।
कमरे से चोरी संदूक बाद में खेतों में मिला। चोरों ने उसमें मौजूद जेवरातों पर हाथ साफ कर लिया था। संदूक में हजारों रुपए की नकदी भी थी, लेकिन वह चोरी होने से बच गई। सदर थाना प्रभारी डीएसपी प्रोबेशनर प्रमोद चौहान ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
