ज्वालामुखी में पुलिस की नाक तले चोरी

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। थाना ज्वालामुखी क्षेत्र में थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर पिछली रात को चोरों ने ज्वालामुखी के एक घर में सेंध लगाकर हजारों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस की नाक तले हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पेशे से अध्यापक श्याम सुंदर शास्त्री अपनी पत्नी के इलाज के लिए कुछ समय से चंडीगढ़ में थे। उनकी गैरमौजूदगी में रात को उनके घर में चोराें से सेंध लगाकर हजारों की नकदी व गहने चोरी कर लिए। उनके भाई पप्पी शास्त्री का मकान भी इस घर के साथ है लेकिन चोरों की किसी को भी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब पड़ोसियों ने गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो उन्हें शक हुआ। फिर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की।
मकान मालिक के भाइयों भवानी दत्त, अश्वनी दत्त और रजनीश ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। वार्ड नंबर 5 के बाशिंदों खप्पी, गोकुल, राकेश सूद, विनय, अनु, भीमसेन, नवरत्न, राजेश नाग का कहना है कि इस वार्ड में पहले भी घरों में चोरियां हो चुकी हैं। इससे यहां रहने वाले लोगों में खौफ बढ़ता जा रहा है। चोरियों में स्थानीय लोगों के होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
थाना प्रभारी सुरिंद्र ठाकुर ने कहा कि चोरी की घटना की शिकायत आई है। घटनास्थल पर पुलिस दल को भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts