महंगाई ने छीन लिया सब्जियों का स्वाद

कुल्लू। पहले से ही महंगी दालों की मार झेल रही गृहणियों पर अब महंगी सब्जियों ने और बोझ डाल दिया है। तीन-चार दिनों से बढ़े सब्जियों के दाम से लोग खासे परेशान हैं। जिला मुख्यालय में इन दिनों सब्जियों के दामों में दो से तीन गुणा बढ़ोतरी हुई है। मटर चार दिन पूर्व 40 रुपये प्रति किलो के भाव से मिल रहा था, अब बढ़कर 80 रुपये किलो हो गया है। यही हाल टमाटर का भी है। हालांकि इन दिनों घाटी में टमाटर का सीजन चला है। बावजूद टमाटर के दाम आसमान छूने लगे हैं। प्याज 15 से बढ़कर तीस रुपये किलो हो गया है।
टमाटर 50 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा है। बढ़ते सब्जियों के दाम सुनकर गृहणियां बजट के हिसाब से ही सब्जियां खरीददारी के लिए घर से बाहर निकल रही हैं। गृहणियां जहां एक किलो मटर और टमाटर की खरीददारी करती थीं, अब 250-300 ग्राम की खरीद कर रही हैं। ढालपुर की गंगा देवी, सत्या देवी, सुनीता तथा गीता ने कहा कि तीन-चार दिनों से सब्जी की दुकानों का रुख करना और सब्जी की खरीददारी करना काफी मुश्किल हो गया है। बढ़े दाम से बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। आलू, गोभी तथा भिंडी के भाव में भी 10 रुपये से लेकर 20 रुपये तक का उछाल आया है। सब्जी विक्रेता राम कुमार, दीन दयाल तथा प्रताप सिंह ने बताया कि चार-पांच दिनों से कई सब्जियों के दामों में भारी वृद्धि हुई है। कुल्लू-लाहौल-स्पीति कृषि विपणन बोर्ड के सचिव प्रकाश कश्यप ने कहा कि यह देशभर में हुई भारी बारिश का असर है। बरसात के चलते जहां सब्जियों को काफी नुकसान पहुंचा है वहीं समय पर सब्जियां मंडियों तक नहीं पहुंच पाई है। आने वाले दिनोें में सब्जियों के भाव कम होने की गुंजाइश कम है।

Related posts