सड़क हादसे में 18 लोग गंभीर जख्मी

ठियोग (शिमला)। शिमला से मंढोल की ओर जा रही एक पिकअप संख्या एचपी 52बी 0442 अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। गाड़ी में कुल 22 लोग सवार थे। हादसे में तेरह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ठियोग के थाना प्रभारी बलदेव ठाकुर ने बताया कि वीरवार देश शाम करीब साढ़े सात बजे एक पिकअप संख्या एचपी 52बी 0442 शिमला से मंढोल की ओर जा रही थी। इस गाड़ी की खोलगली में छैला से ठियोग आ रही एक मारुति कार संख्या एचआर 03सी 0979 के साथ टक्कर हो गई और पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। पिकअप में कुल 22 लोग सवार थे। हादसे में तेरह लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इन सभी को ठियोग के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। कार में सवार पति-पत्नी कुशाल और सुरेंद्रा तथा उनके तीन बच्चे विपुल, शीतल और वंशिका भी जख्मी हो गए हैं। इनको भी ठियोग के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। ये सभी जुब्बल के ढलाई गांव के रहने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया और सभी घायलों को ठियोग अस्पताल पहुंचाया। पिकअप में सवार सभी घायल डंडी राम, हेमंत, मंगेश, राजेश, सुशील, गणेश, राजेश, रामकृष्ण, विनीत कुमार, जीत बहादुर, सिया राम, पटवारी लाल, बाबू राम निवासी परसिया थाना चंदन चौकी, तहसील पलिया लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Related posts