छोटे सेब पर कटौती रोके सरकार

रामपुर बुशहर। भाजयुमो रामपुर ने छोटे आकार के सेब के मूल्य में 20 प्रतिशत की कटौती गलत करार दिया है। भाजयुमो ने इस मनमानी के लिए आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजयुमो रामपुर के अध्यक्ष हरि सिंह चौहान, महासचिव यशपाल पालसरा, महेंद्र मेहता, महेंद्र सिंह, प्रदीप मेहता, राजेंद्र द्रोहा, सुभाष, अमर सिंह चौहान, शिशुपाल श्याम, हेमंत, रविंद्र मेहता आदि ने कहा कि अगर मंडी में 20 प्रतिशत कटौती बंद नहीं की गई तो बागवानों के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आढ़ती एसोसिएशन ने अपनी मनमर्जी कर कटौती के रूप में नई रिवायत शुरू की है। इससे पहले इस तरह की कटौती कभी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नुमाइंदे भी आंखें मूंद करके बागवानों को लुटने दे रहे हैं। जबकि, उनको इसका खुलेआम विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन दिनों बगीचों में कई प्रकार की बीमारी फैली है, लेकिन सरकार बागवानों को दवाइयां तक उपलब्ध नहीं करवा रही है। इसके चलते बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। रामपुर के भीतर अधिकांश सड़कों की हालत खराब है। इससे आने वाले दिनों में सेब की ढुलाई प्रभावित होगी, लेकिन सरकार सड़कों की हालत पर ध्यान नहीं दे रही है। सड़कों की हालत जल्द सुधारने की मांग की है।

Related posts