
लक्सर। क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दौरे से ग्रामीण ही नहीं कांग्रेसी भी नाखुश दिखे। कई कांग्रेसियों को मुख्यमंत्री के आने की सूचना तक नहीं दी गई। एक कांग्रेसी ने तो सीएम के दौरे को खानापूर्ति करार देते हुए राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी को शिकायत भी कर दी।
बुधवार को सीएम विजय बहुगुणा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र लक्सर और खानपुर का दौरा करने पहुंचे। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष निपेंद्र चौधरी और ब्लाक अध्यक्ष सुरेंद्र ने आरोप लगाया कि उन्हें सीएम के दौरे की कोई सूचना नहीं दी गई। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष डा. उमादत्त शर्मा का कहना है कि यह हास्यास्पद स्थिति है कि संगठन को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी जाती। सीएम आए तो उन्हें बाढ़ पीड़ितों का हालचाल जानना चाहिए था। वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह बताया कि उन्हें भी रात 11 बजे एक प्रशासनिक अधिकारी ने सूचना दी। ऐसे में माना जा रहा है कि यही कारण रहा कि सीएम के बाढ़ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान केवल विधायक प्रणव सिंह चैंपियन और संजय पालीवाल ही नजर आए। उधर, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव संजय सैनी ने तो सीएम के दौरे को खानापूर्ति करार दे दिया। उन्हाेंने आरोप लगाया कि सीएम ने अति प्रभावित क्षेत्र गंगदासपुर, सोपरी एवं महाराजपुर का तो भ्रमण ही नहीं किया। संजय ने सीएम की शिकायत राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी से की है।
