युवती की सरेराह पिटाई, मामला थाने पहुंचा

रुड़की। एक युवक ने सरेराह युवती की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर भीड़ लगती देख युवक वहां से फरार हो गया। पीड़ित युवती ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। आरोपी युवक रिश्ते का भाई है।
कोतवाली रुड़की अंतर्गत प्रेम मंदिर रोड पर यह घटना हुई। आदर्श नगर निवासी एक युवती उस समय कहीं जा रही थी तभी एक युवक आया और उसने युवती को रोका। दोनों के बीच कुछ बहस हुई इसके बाद युवक ने एकाएक युवती से मारपीट शुरू कर दी। तभी मौके पर भी जमा होने लगी। इसपर युवक वहां से भाग गया।
युवती ने कोतवाली पहुंचकर इस संबंध में सूचना दी। उसका कहना था कि युवक उसका रिश्ते का भाई है। उसका आरोप था कि वह उसकी पत्नी को भड़काती है, जिससे उनके घर में झगड़ा होता है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी भाभी से कभी भाई के खिलाफ कोई बात नहीं की। उस पर झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट की गई है। एसएसआई नरेश चौहान ने बताया कि घटना के बाद परिवार के लोगों को थाने बुलाया गया था। मामला पारिवारिक होने की वजह से दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। आरोपी युवक सत्ती मोहल्ले का रहने वाला है। पुलिस ने उसे भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया।

Related posts