शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की एक न सुनी

कपकोट। रातिरकेठी हाईस्कूल के उच्चीकरण की मांग को लेकर आंदोलित ग्रामीणों का धरना बुधवार भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कर्मचारी वार्ता को पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। उन्होंने उच्चीकरण से कम कोई समझौता नहीं करने की बात कही।
विद्यालय उच्चीकरण संघर्ष संगठन के बैनर तले पंचायत भवन रातिरकेठी में आंदोलनकारी आज भी डटे रहे। आंदोलन समाप्त करने और विभागीय कार्रवाई की जानकारी देने के लिए खंड कार्यालय से कर्मचारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से लंबी बात की लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक नहीं सुनी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इंटर तक का एक भी विद्यालय नहीं है। जिस कारण उनके बच्चे इंटर की शिक्षा नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने एक स्वर से कहा कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वार्ता में ग्राम प्रधान विजय सिंह, हरमल सिंह, धन सिंह, कौशल्या देवी, चंपा देवी, सीता देवी, नारायण सिंह, नैन राम, गोविंद राम, जोहार राम, गोवर राम, विमला देवी, पार्वती आदि मौजूद थे।

Related posts