
पिथौरागढ़। संसदीय सचिव (केबिनेट स्तर) मनोज तिवारी ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए सड़क सुविधा विहीन इलाकों में घोड़े, खच्चरों और मजदूरों के माध्यम से राशन पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने दूरस्थ इलाकों में बरसात भर का राशन एकत्र करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित कर लें कि दूरस्थ इलाकों में राशन पहुंच गया हो। राहत सामग्री प्रत्येक प्रभावित परिवार तक पहुंचाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का पता लगाने के लिए सेटेलाइट फोन का उपयोग करने को कहा।
उन्होंने दूसरी प्राथमिकता सड़कों को खोलने की बताते हुए कहा कि लोनिवि और बीआरओ को तेजी से सक्रिय कर सड़कों को खुलवाना होगा। संसदीय सचिव ने उरेडा को बिजली विहीन इलाकों में सोलर लालटेन बांटने को कहा। तवाघाट के साथ ही अन्य स्थानों में मोटर पुल बनाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद सांसद प्रदीप टम्टा ने बीमार लोगों को निकालने के अभियान में तेजी लाने के साथ ही हेलीकाप्टर से राशन ड्राप करने को कहा। बैठक में विधायक नारायण राम आर्य, हरीश धामी, मयूख महर, पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, डीएम नीरज खैरवाल, एसपी वीकेएस कार्की, एसडीएम अनुराग आर्य, जयभारत सिंह मौजूद थे।
