पंचेश्वर के पौराणिक शिव मंदिर खतरे में

पिथौरागढ़। नदियों में आई बाढ़ से केदारनाथ के हाल जगजाहिर हैं। पिथौरागढ़ जिले में ही झूलाघाट का ऐतिहासिक शिव मंदिर बाढ़ की भेंट चढ़ गया है। अब सरयू और काली नदी के संगम पर स्थापित पंचेश्वर के पौराणिक शिव मंदिर के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
बुजुर्ग सामाजिक कार्यकर्ता सोबी चंद ने पंचेश्वर में सरयू और काली के कटाव के कारण पंचेश्वर मंदिर की नींव के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि पिथौरागढ़, चंपावत और नेपाल के लोगों के अगाध श्रद्धा के केंद्र पंचेश्वर के शिव मंदिर के लिए खतरा उत्पन्न होने से क्षेत्र के लोग काफी दुखी हैं।
ऐतिहासिक, पौराणिक स्थल इस पहाड़ में बाहरी प्रदेशों के लोगों को खींच लाते हैं, सरकार और प्रशासन को इनके संरक्षण के उपाय करने चाहिए। पंचेश्वर के मंदिर को बचाने के लिए तत्काल अस्थाई तटबंध और बरसात के बाद स्थाई तटबंधों का निर्माण होना चाहिए। चंद ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पंचेश्वर मंदिर की सुरक्षा की मांग की है।

Related posts