स्वरोजगार के लिए करें प्रचार-प्रसार

नैनीताल। डीएम एएस हयांकी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों की बैठक लेकर शहरी क्षेत्र के गरीब तबके के बेरोजगारों को स्वरोजगार मुहैया कराने के लिए चलाए जा रहे उत्थान कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कालाढूंगी के ईओ की अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए उनका जवाब तलब करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी विप्रा त्रिवेदी को दिये।
हयांकी ने उपस्थित सभी ईओ को निर्देश दिये कि उत्थान कार्यक्रम के तहत विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए आये आवेदन पत्रों के मुताबिक लाभार्थियों का साक्षात्कार जल्द करवा लें तथा उसका रिजल्ट 8 जुलाई तक हर हाल में निकाल लें। 12 जुलाई तक उनको रिजल्ट की रिपोर्ट दे दी जाय ताकि उसका परीक्षण कर 15 जुलाई तक अग्रिम कार्रवाई के लिए निदेशक शहरी विकास देहरादून को भेजा जा सके। बैठक में उत्थान कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए हर निकाय में पर्यवेक्षक भी नामित किया गया।
उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को होने वाली जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में वर्ष 2012-13 में चयनित लाभार्थियों को प्रशिक्षण न देने वाली कंपनियों व एनजीओ को ब्लैक लिस्ट करने का प्रस्ताव पारित करवायें। बैठक में प्रभारी अधिकारी विप्रा त्रिवेदी, कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी जसबीर सिंह समेत नगर निकायों के ईओ मौजूद थे।

Related posts