दिल्ली से आई मदद, हल्द्वानी से बंटेगी

हल्द्वानी। कांग्रेस की ओर से आपदा पीड़ितों के लिए दिल्ली से आ रही मदद के लिए हल्द्वानी के देवलचौड़ में गोदाम बना लिया गया है। स्थानीय विधायकों की हरी झंडी मिलने के बाद राहत राशि का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। पीड़ितों को तत्काल राहत देने के आदेश कमिश्नर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को दिए हैं। यह बात कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी संजय कपूर ने सौरभ होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
श्री कपूर ने कहा कि आपदाग्रस्त इलाकों में प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। लाख से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर निकाला जा चुका है। इसके लिए उन्होंने सेना की प्रशंसा भी की। वित्तमंत्री इंदिरा हृदयेश ने कहा कि जिनकी सारी संपत्ति बह चुकी उनकी मदद प्राथमिकता से की जा रही है। इसके अलावा लोगों के प्रमाणपत्र जैसे राशन कार्ड, वोटर कार्ड या फिर अन्य कागजात बनाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे ताकि लोगों को दिक्कत न हो। डा. हृदयेश ने बताया कि सड़कों और पुलों को बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसमें सेना की मदद ली जा रही है।

Related posts