
कर्णप्रयाग। पिंडर घाटी का कुलसारी कस्बे में मां काली का सिद्धपीठ मंदिर है। पिछले दिनों पिंडर नदी में आई बाढ़ में कस्बे के 70 नाली से अधिक खेत, खेल मैदान, हेलीपैड, दो आवासीय भवन और हाईस्कूल सुनाऊं के दो कमरे समा गए है। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से कस्बे में खाद्यान्न संकट गहरा गया है।
स्थानीय ग्रामीण खिलाफ सिंह ने बताया कि यहां रामचंद्र पुरोहित और विनोद कुमार का मकान बारिश की भेंट चढ़ गया है। प्रभावित अन्य गांव में शरण लिए हैं। बताया कि सड़क दोनों ओर से बंद होने से लोगों के सामने खाद्यान्न संकट गहरा गया है। गैरबारम के विजय भारद्वाज ने बताया कि गांवों में राशन तो दूर कैरोसीन भी नहीं। मैंटा के हीर्तिवर्धन सिंह बताया कि गांवों में सब्जियों का संकट बन गया है। कुलसारी के श्यामाराम ने बताया कि गांव के विनोद कुमार, मोहनराम, कैलाश और सतीश सहित 12 लोगों की 70 नाली से अधिक सिंचित भूमि पिंडर में बह गई है, जो खेत बचे हैं, वहां रेत के टीले बन गए हैं।
