क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों की रिपोर्ट दें

चंपावत। जिले के प्रधानाचार्यों की बुधवार को हुई बैठक में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ी जाति और विकलांग बच्चों की सूची तत्काल तैयार करने और उसकी जानकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजने के लिए कहा गया। इन बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति का विवरण तथा आधार कार्ड की संख्या की जानकारी भी मांगी गई। बैठक में आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी डीसी गौड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के सभी इंटर कालेजों और हाईस्कूलों के प्रधानाचार्य शामिल हुए। प्रधानाचार्यों से कहा गया कि वह आपदा के कारण क्षतिग्रस्त भवनों, बाउंड्री वाल, मैदान की रिपोर्ट तैयार कर लें। साइकिल योजना से लाभान्वित की गई बालिकाओं की सूची भी मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में देनी है। जिन बच्चों को 2013 की बोर्ड परीक्षा के अंकपत्र अब तक नहीं मिले हैं वह तत्काल उन्हें प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में मुख्य रूप से शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षाफल का स्तर सुधारने पर भी चर्चा हुई। हर स्कूल में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाने, छात्र तथा शिक्षक के समन्वय स्थापित करने, वित्तीय अभिलेखों का सही ढंग से रखरखाव करने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के एजेंडा पर भी चर्चा हुई। प्रधानाचार्यों को अभियान के तहत दिए गए फार्म को भरने के तरीके बताए गए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एके सिंह समेत पाटी, बाराकोट, लोहाघाट, चंपावत विकासखंड के प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts