
खटीमा। पुलिस ने धोखे से दूसरे की जमीन अपने नाम कराने और वादी पक्ष के साथ जाति सूचक शब्दों के साथ गाली गलौज करने के मामले में बाप बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अमाऊं निवासी करन सिंह ने तीन जून को दर्ज करायी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि गांव के नत्थू लाल और उसके पुत्र राजेश कुमार ने उसकी जमीन धोखाधड़ी से अपने नाम दर्ज करा ली। जिसकी जानकारी मिलने पर उसने जब 11 फरवरी को इस संबंध में पूछताछ की तो इन लोगों ने गाली गलौज की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। पुलिस ने करन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश थी। जिन्हें बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
