युवती को चौथी मंजिल से धक्‍का ‌दिया

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिले के सनलाइट कॉलोनी थाना इलाके में युवती को चौथी मंजिल से नीचे फेकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती को होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया, हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की हैं। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार सनलाइट कॉलोनी में दो युवक, एक युवती (18) को अपने कमरे में ले गए। युवती रात के समय किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसके बाद युवक उसे चौथी मंजिल पर ले गए। बताया जा रहा है कि वहां युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया गया। युवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। युवती के पैर में फ्रैक्चर आया है। पुलिस को घटना की सूचना होली फैमिली अस्पताल से मिली थी।
पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि युवती के पड़ोस में रहने वाले भूषण के कहने पर युवती का अपहरण किया गया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं युवती खुद को बचाने के चक्कर में चौथी मंजिल से नीचे तो नहीं गिर गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Related posts