फर्जी इंश्योरेंस कर ठगी में डीयू का छात्र गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का छात्र वाहनों का फर्जी इंश्योरेंस कर ठगी करने में लगा हुआ था। आरोपी छात्र ने खुद को ‘जस्ट डायल’ में रजिस्टर्ड करा रखा था। इससे आरोपी इंश्योरेंस कराने वाले लोगों तक आसानी से पहुंच जाता था। आरोपी न केवल दिल्ली, बल्कि नोएडा, गुडगांव, फरीदाबाद समेत एनसीआर में ठगी करने में लगा हुआ था। खास बात ये है कि आरोपी जिस तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था उसी तरीके को अपनाकर वसंत विहार पुलिस ने उसे दबोच लिया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुनिरका में रहने वाले विकास ने वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मो. आदिल (24) नामक युवक से उसने बाइक का इंश्योरेंस कराया था। बाद में पता चला कि बाइक का इंश्योरेंस फर्जी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की तो पता लगा कि ठगी के आरोपी ने जस्ट डायल में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड करा रखा है। पुलिस टीम ने भी चाल चली और जस्ट डायल में फोन कर आरोपी मो. आदिल को इंश्योरेंस कराने के लिए मुनिरका इलाके में बुलाया। वहां पुलिस ने उसे धर दबोचा। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मो. आदिल बाडा हिंदूराव इलाके का रहने वाला है और डीयू से प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न इंश्योरेंस कंपनियों के छह स्टांप पेपर, एक पेन ड्राइव, आईसीआईसीआई बैंक के चार प्रपोजल फार्म व एक बाइक बरामद की गई है। आरोपी इंश्योरेंस कंपनियों की फर्जी स्टांप खुद ही बनवाता था।

Related posts