मयूर विहार से जुड़ेगी बारापूला ऐलिवेटेड रोड

नई दिल्ली। नोएडा लिंक रोड से बारापूला एलिवेटेड रोड तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। मयूर विहार फेज-वन सिग्नल से सीधे यमुना नदी पार कर किया जा सकेगा। दरअसल, विस्तार के दूसरे चरण में बारापूला नाले की ऐलिवेटेड रोड नोएडा लिंक रोड के हाफ फ्लाईओवर तक पहुंचेगी। यूटीपेक ने पीडब्ल्यूडी के इस प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, लिंक रोड की जगह तय होने के बाद प्रोजेक्ट पिछले हफ्ते हाइड्रोलिक स्टडी के लिए पुणे स्थित जल व विद्युत शोध केंद्र (सीडब्ल्यूपीआरएस) भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर डिजाइन तैयार किया जाएगा। कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान दिल्ली सरकार ने गेम्स विलेज से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम तक खिलाड़ियों के लिए सिग्नल फ्री कॉरिडोर तैयार किया था। आईएसबीटी सराय काले खां से स्टेडियम तक करीब 4.3 किलोमीटर लंबी ऐलिवेटेड रोड तैयार की गई थी। खेल खत्म होने के बाद इसके विस्तार की योजना तैयार की गई। पहले फेज में विस्तार अरविंदो मार्ग स्थित आईएनए तक होना है। करीब चार महीने पहले इसका निर्माण शुरू हो गया है। वहीं, दूसरे फेज में यमुना नदी पर नए पुल के सहारे ऐलिवेटेड रोड नोएडा लिंक रोड से जुड़नी है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने मयूर विहार फेज-वन मेट्रो स्टेशन व चिल्ला के बीच तीन जगह के बारे में विचार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, नया पुल लिंक रोड के हाफ फ्लाईओवर से शुरू होगा। उचित निकासी के लिए यहां लूप व सर्विस रोड तैयार की जाएगी। हाइड्रोलिक स्टडी के साथ प्रोजेक्ट की दूसरी औपचारिकताएं एक साल के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

ये मिलेगा फायदा
इसका सीधा फायदा नोएडा व यमुनापार से साउथ दिल्ली तक सफर करने वालों को मिलेगा। नए पुल के सहारे वे आसानी से आईएनए तक पहुंच सकेंगे। उन्हें न तो रिंग रोड के लंबे जाम में फंसना पड़ेगा, न ही डीएनडी या निजामुद्दीन पुल के घुमावदार रास्ते का सहारा लेना पड़ेगा। करीब 50 मिनट का नोएडा लिंक रोड से आईएनएस का सफर 10 मिनट में तय हो जाएगा। साथ ही आश्रम-मथुरा रोड, लाजपत राय व भैरो मार्ग और इससे जुड़ी सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा।

मेट्रो पकड़ना भी होगा आसान
लिंक रोड पर ऐलिवेटेड रोड जहां मिल रही है, उससे सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर मयूर विहार फेज-वन का मेट्रो स्टेशन है। यहां से न सिर्फ नोएडा के लिए, बल्कि आनंद विहार व वैशाली तक के लिए मेट्रो ली जा सकती है। वहीं फेज-तीन के तहत निर्माणाधीन शिव विहार मेट्रो लाइन तक भी मुसाफिरों की पहुंच आसान होगी।

Related posts