नाले में गिरने से मासूम की मौत

नई दिल्ली। मधु विहार क्षेत्र स्थित वेस्ट विनोद नगर में मंगलवार को दो साल की मासूम बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई। बच्ची की शिनाख्त खुशी के रूप में हुई है। पुलिस को मामले की सूचना दिए बिना ही परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी के अनुसार, खुशी अपने परिवार के साथ डी-ब्लॉक वेस्ट विनोद नगर इतवार बाजार वाली गली में रहती थी। इसके पिता गौरव का इलाके में कंस्ट्रक्शन क काम है। मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे खुशी बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान वह करीब तीन फुट गहरे खुले नाले में गिर गई। किसी ने उसे गिरते हुए नहीं देखा। परिजनों ने उसकी तलाश की। इस बीच नाले से बच्ची का फ्रॉक दिखाई दिया। फौरन परिजन उसे निकालकर पास के निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन खुशी के शव को लेकर घर आ गए। बाद में उसे दफना दिया गया। मामले पर जब पुलिस अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से इंकार कर दिया।

Related posts