टुटीकंडी में हादसा, दो युवकों की मौत

शिमला। टुटीकंडी में एक कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मारे गए युवकों की पहचान प्रदीप (25) निवासी बल्देहां, महेंद्र (21) निवासी भराड़ा सुन्नी के तौर पर हुई है। तीसरा युवक योगेंद्र (21) सुन्नी के रियोग गांव का है। ये गंभीर रूप से घायल हैं, आईजीएमसी में उपचाराधीन हैं।
पुलिस के मुताबिक तीनों युवक टुटीकंडी में एक निजी रेस्टोरेंट में काम करते थे। रेस्टोरेंट में काम करने के बाद यह रोज की तरह घर की ओर निकले। रात करीब साढ़े बारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि टुटीकंडी में आईएसबीटी के समीप एक कार गहरी खाई में जा गिरी है। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निकालने का काम शुरू किया। इनमें से योगेंद्र पहले ही गाड़ी से ऊपर गिर गया था लेकिन प्रदीप और महेंद्र खाई में ही थे। अस्पताल ले जाते समय दोनों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां काफी खुला मोड़ था। हादसे का स्पष्ट कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस संदर्भ में थाना बालूगंज में मुकदमा कायम कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।

Related posts